अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे-54 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके चार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक अपने दोस्त का जन्मदिन मनाकर अमृतसर के एक होटल से लौट रहे थे। गांव कदगिल के रहने वाले पांच दोस्त स्विफ्ट कार से घर जा रहे थे, तभी गांव बंदले के पास उनकी कार एक तेज रफ्तार ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और गुरलाल सिंह (19) की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य चार युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मृतक हाल ही में 12वीं पास कर नौकरी की तलाश कर रहा था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Source: Source