अमृतसर के थाना सुल्तानविंड क्षेत्र में फुटपाथ पर बेसुध पड़े एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है। वीडियो में व्यक्ति को नशे की हालत में सड़क किनारे पड़ा देखा गया था, जिसके बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। एसीपी साउथ प्रीत इंदर सिंह ने बताया कि जांच के बाद व्यक्ति की पहचान प्रगट सिंह के रूप में हुई है, जो तरनतारन जिले का रहने वाला है और वर्तमान में अमृतसर में रहकर मजदूरी करता है। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से शराब का आदी है और घटना के समय अत्यधिक नशे की स्थिति में था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और आवश्यक सहायता दी। बाद में उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ऐसी स्थिति में वीडियो बनाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की सहायता और उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। मामले में फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है।
Source: Source