राजनांदगांव पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 भैंसों को बरामद किया है। मवेशियों को भिलाई से महाराष्ट्र के भंडारा ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल टाटा आयसर वाहन भी जब्त किया है। मवेशियों और वाहन की कुल कीमत करीब 8.80 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस को 6 सितंबर को मुखबिर से पशुओं की अवैध ढुलाई की सूचना मिली थी। इसके बाद सोमनी पुलिस ने ठाकुरटोला टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन तेज रफ्तार में भगाने की कोशिश की। पीछा करने के दौरान वाहन टेडेसरा गांव के पास डिवाइडर से टकरा गया। पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को मौके पर पकड़ लिया। आरोपी की पहचान संगीत मधुकर उर्फ टेटे के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने साथी राजू पारधी के साथ भैंसों को भंडारा ले जाने की बात बताई। पुलिस ने संगीत मधुकर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि राजू पारधी फरार है। मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम और BNS की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
Source: Source