हरियाणा के हिसार की प्रमुख राजगुरु मार्केट में त्योहारों के सीजन से पहले दुकानों के आगे जगह आवंटित करने को लेकर विवाद बढ़ गया है। दुकानदार अपनी दुकानों के सामने चार-चार फुट के बरामदे दिए जाने की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर व्यापारियों और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। दुकानदारों ने नगर निगम कमिश्नर, मेयर और मार्केट एसोसिएशन के चेयरमैन रवि सैनी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने आगामी सोमवार तक बरामदों का आवंटन पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है। इससे पहले नाराज व्यापारियों ने दुकानें बंद कर शटर गिराए और प्रदर्शन किया। राजगुरु मार्केट ऑर्गेनाइजेशन के प्रधान शिव सैनी ने हस्तक्षेप कर व्यापारियों को शांत कराया। उनकी समझाइश के बाद दुकानें दोबारा खुलवाई गईं। शिव सैनी के अनुसार, संगठन त्योहारों के दौरान व्यापार सुचारू रूप से चलाने के लिए दुकानदारों को चार फुट जगह दिलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अनदेखी के कारण दुकानदार परेशान हैं। संगठन ने प्रशासन से व्यापारियों की मांग पर जल्द फैसला लेने की अपील की है। शिव सैनी ने चेतावनी दी कि सोमवार तक समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी अनिश्चितकालीन दुकान बंद करने को मजबूर होंगे। उन्होंने सभी दुकानदारों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। संगठन को उम्मीद है कि एकजुट होकर व्यापारी अपनी मांगें मनवा सकेंगे।
Source: Source