हरियाणा के सिरसा शहर में शुक्रवार दोपहर अंबेडकर चौक स्थित झूंथरा पेट्रोल पंप के जनरेटर में अचानक आग लग गई। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे हुई, जब बिजली की तारों में फॉल्ट के कारण आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने जनरेटर को अपनी चपेट में ले लिया। पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। उन्होंने सबसे पहले बिजली की सप्लाई बंद की और आग पर काबू पाने में जुट गए। कर्मचारियों और आसपास के लोगों की मदद से करीब 20 से 25 मिनट में आग बुझा दी गई। पंप कर्मियों के अनुसार, आग बुझाने में लगभग 20 अग्निशमन सिलेंडरों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप के दो डीजल टैंक और एक पेट्रोल टैंक भरे हुए थे। ऐसे में आग फैलने पर बड़ा हादसा हो सकता था। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि दमकल विभाग को फोन करने पर नंबर नहीं लगा और करीब आधे घंटे तक दमकल गाड़ी नहीं पहुंची। आग से जनरेटर की तारें जल गईं और मशीन के अंदर भी नुकसान हुआ। घटना के दौरान आसपास के लोग और सड़क से गुजर रहे कुछ युवक भी मौके पर जमा हो गए। कर्मचारियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
Source: Source