हरियाणा के कैथल जिले में करनाल रोड पर गांव नरड़ के पास सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई और उनका एक पड़ोसी शामिल है। तीनों एक ही गाड़ी में सवार होकर करनाल गए थे और आधी रात के करीब वापस लौट रहे थे। गांव नरड़ के बस स्टॉप के पास पहुंचते ही उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मृतकों की पहचान खुराना रोड निवासी 27 वर्षीय रक्षत, 29 वर्षीय अभिषेक और उनके पड़ोसी 38 वर्षीय कृष्ण के रूप में हुई है। रक्षत और अभिषेक कलायत के पूर्व विधायक भगत राम के परपोते थे। हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल भेजे गए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source