छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सड़क हादसे में 13 वर्षीय स्कूली छात्रा रिद्धिमा की मौत हो गई। वह अपने पिता पंकज जैन के साथ स्कूल में पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होने गई थी। मीटिंग खत्म होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। हादसा बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर में हुआ। पिता-बेटी बिश्रामपुर से सूरजपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गिट्टी से लदे एक ट्रैक्टर ने अचानक वाहन मोड़ दिया। इससे बाइक सवार पिता-बेटी का संतुलन बिगड़ गया। रिद्धिमा ट्रैक्टर की चपेट में आ गई और उसका पिछला पहिया छात्रा के सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर हादसे में रिद्धिमा की मौके पर ही मौत हो गई। बेटी की मौत से पिता और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। शुरुआती जानकारी में ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही से वाहन मोड़ने का आरोप लगाया गया है। पुलिस की कार्रवाई और चालक के खिलाफ कानूनी कदमों की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
Source: Source