हरियाणा के पानीपत में फॉरेक्स एंड ट्रैवल्स कंपनी के 10 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी के दो कर्मचारियों ने रकम गायब करने के बाद लूट की झूठी कहानी गढ़ दी। कंपनी के मालिक सुरेंद्र सिंह गर्ग ने थाना चांदनी बाग में शिकायत दर्ज कराई है। उनकी वरदान फॉरेक्स एंड ट्रैवल्स कंपनी पिछले करीब 15 वर्षों से कारोबार कर रही है। शिकायत के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को शाम करीब 7:10 बजे हर्ष और प्रहलाद को 10 लाख रुपये देकर शक्ति नाम के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भेजा गया था। दोनों कर्मचारी कंपनी की एक्टिवा पर रकम लेकर निकले थे। काफी समय बीतने के बाद भी पैसे निर्धारित व्यक्ति तक नहीं पहुंचे और कर्मचारी गोलमोल जवाब देने लगे। इसके बाद उन्होंने दावा किया कि सेक्टर-11 और 12 में एसडीवीएम स्कूल के पास दो बाइक सवारों ने उनकी एक्टिवा रोककर बैग छीन लिया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि हमलावर गला पकड़कर नकदी वाला बैग लेकर फरार हो गए। हालांकि, कंपनी मालिक को उनकी कहानी पर संदेह हुआ और उन्होंने अपने स्तर पर पूछताछ की। जांच के दौरान कथित लूट की कहानी संदिग्ध पाई गई और रकम हड़पने की साजिश सामने आई। पुलिस ने शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पीएसआई राहुल कर रहे हैं। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
Source: Source