हरियाणा के झज्जर जिले के मांडोठी क्षेत्र में प्लास्टिक और PVC तार का कचरा जलाने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह घटना दिल्ली-रोहतक हाईवे के पास एक खाली खेत में हुई। पुलिस के अनुसार, कचरा जलाने से आसपास के इलाके में धुआं फैल रहा था। 16 अक्टूबर की तड़के गश्त के दौरान पुलिस को मोबाइल फोन के जरिए इसकी सूचना मिली। सूचना में बताया गया कि मांडोठी गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में प्लास्टिक, PVC तार और अन्य सामग्री जलाई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस को आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दिखाई दिया। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। अग्निशमन वाहन ने मौके पर पहुंचकर पानी डालकर आग बुझाई। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. सुनील श्योराण की ओर से भी इस मामले की जानकारी दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, मौके पर लोहे के ड्रमों को काटकर बनाई गई चादरों, प्लास्टिक अवशेषों और PVC तार के टुकड़ों में आग लगाई गई थी। FIR में भूपेश उर्फ भोला, नन्हे, अंकित और वसीम के नाम दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद संबंधित सामग्री और वाहनों को कब्जे में लेने की कार्रवाई की। आसौदा थाना पुलिस ने FIR नंबर 312 के तहत 16 अक्टूबर 2026 को मामला दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) और 280 तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 की धारा 15 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Source: Source