हांसी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। CIA-2 हांसी की टीम ने नारनौंद थाना क्षेत्र से 12.68 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। यह कार्रवाई जिले में नशा तस्करों पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के तहत की गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि CIA-2 हांसी की टीम उप निरीक्षक फिरोज खान के नेतृत्व में गांव मोठ के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव सिसाय बोलान निवासी अक्षय और रोहित बाइक पर नशीला पदार्थ लेकर नारनौंद से सिसाय बोलान की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दबोचे सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की। गांव मोठ-नारनौंद रोड स्थित शराब ठेके के सामने नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान, पुलिस टीम ने बाइक पर आ रहे दोनों संदिग्ध युवकों को रोका और मौके पर काबू किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 12.68 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। NDPS एक्ट में केस दर्ज इसके बाद, पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारनौंद थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया। बरामद नशीले पदार्थ को सील कर पुलिस ने कब्जे में ले लिया, साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को भी सबूत के तौर पर जब्त किया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Source: Source