लुधियाना में 15 वर्षीय वंश की स्विमिंग पूल के किनारे अचानक मौत का वीडियो सामने आया है। घटना 29 अगस्त की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सार्वजनिक हुआ है। वंश नहाने के बाद अपने दोस्त के साथ पूल के किनारे बैठा था। कुछ देर बाद वह असहज महसूस करने लगा और बार-बार अंगड़ाई लेता दिखाई दिया। परेशानी बढ़ने पर वह उठकर चलने की कोशिश करने लगा। चलने के दौरान वह लड़खड़ाया और गिरने से बचने के लिए वापस बैठ गया। इसके बाद उसे अचानक सीने में दर्द हुआ और वह वहीं गिर पड़ा। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार वंश को लंबे समय से हृदय संबंधी समस्या थी। उसका दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा था। वंश बिंद्रा कॉलोनी का रहने वाला था और परिवार में उसकी एक छोटी बहन है। उसके पिता कपड़े का कारोबार करते हैं। परिजन उसकी अस्थियां विसर्जित करने के लिए हरिद्वार गए हैं।
Source: Source