कोरबा के दीपका थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। लिटियाखार गांव के पास तेज रफ्तार बाइक एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो नाबालिग लड़कों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय करण चौहान और 14 वर्षीय राजा नेटी के रूप में हुई है। दोनों तिवरता से लिटियाखार की ओर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों बिना हेलमेट बाइक चला रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही राहगीर और ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। देर रात होने के कारण शवों को अस्पताल के शवगृह में रखा गया था। शनिवार सुबह पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है।
Source: Source