लुधियाना में आरटीओ दफ्तर, सेवा केंद्रों और फूड सप्लाई विभाग की ऑनलाइन सेवाएं तकनीकी खामियों के कारण प्रभावित हैं। नए सर्वर के अपलोड होने के बाद कई सरकारी विभागों में कामकाज बाधित हो गया है। महीने के शुरुआती छह दिन कर्मचारियों की हड़ताल के बाद दफ्तर खुले, लेकिन अब सर्वर और नेटवर्क की समस्या सामने आ गई है। साप्ताहिक अवकाश को मिलाकर बीते 12 दिनों में लोगों के कई जरूरी काम नहीं हो सके हैं। दफ्तर पहुंचने वाले आवेदकों को कर्मचारी सर्वर डाउन होने की बात कहकर वापस भेज रहे हैं। फूड सप्लाई विभाग में नया सर्वर शुरू होने के बावजूद पुराने राशन कार्ड का डेटा दिखाई नहीं दे रहा है। आरटीओ में आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस में नाम-पता सुधारने तथा बैकलॉग एंट्री के काम ठप पड़े हैं। पिछले तीन दिनों में नाम-पता सुधार से जुड़ी 150 से अधिक फाइलें लंबित हो चुकी हैं। आवेदकों का कहना है कि वे कई दिनों से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। ऋषिजीत सिंह ने बताया कि एक सप्ताह से राशन कार्ड की जानकारी लेने के लिए उन्हें लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है। कुलजीत सिंह ने कहा कि वाहन की बैकलॉग एंट्री के लिए वह एक सप्ताह से आरटीओ के चक्कर लगा रहे हैं। लोगों के मुताबिक कभी हड़ताल, कभी इंटरनेट और अब सर्वर की समस्या के कारण सरकारी सेवाएं लगातार बाधित हो रही हैं। आवेदकों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन व्यवस्था के दावों के बावजूद उन्हें दफ्तरों में सिर्फ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
Source: Source