गांव दाद की बाजीगर बस्ती में पुरानी रंजिश के चलते 20 वर्षीय रमन के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी। घटना शाम करीब 6 बजे हुई, जब रमन घर के बाहर टहलने निकला था। आरोप है कि पड़ोस के सनी, गुन्नी, दाना, आर्यन और घुग्गी ने 3-4 अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने डंडों से रमन की पिटाई की और उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर बाइक से आलमगीर गांव की एक सुनसान इमारत में ले गए। वहां उसे बंधक बनाकर धमकाया गया और मां प्रीति से 5 लाख रुपये मंगवाने का दबाव बनाया गया। कुछ समय बाद आरोपी पास में जाकर सिगरेट पीने लगे, जिसका फायदा उठाकर रमन वहां से भाग निकला। करीब दो घंटे बाद रात 8 बजे वह सुरक्षित घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। ललतों पुलिस चौकी के आईओ गुरदीप सिंह के अनुसार पीड़ित और आरोपी एक ही इलाके के रहने वाले हैं तथा उनके बीच पहले भी विवाद हो चुका है। पुलिस ने रमन का सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया है। पीड़ित के बयानों के आधार पर छह नामजद और 3-4 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
Source: Source