कोरबा के दीपका थाना क्षेत्र में चलती मालगाड़ी पर अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। घटना में लोको पायलट सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। एक पत्थर उनके सिर पर लगने से खून बहने लगा। पथराव के कारण इंजन के दरवाजे का कांच भी टूट गया। सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर गेवरा खदान में कोयला लोड करने जा रहे थे। दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचते ही इंजन पर पथराव शुरू हो गया। घटना के बाद मालगाड़ी को तुरंत रोकना पड़ा। सूचना मिलने पर रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायल लोको पायलट को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पथराव के बाद मालगाड़ी काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही। इससे रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज खंगालने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। दीपका पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। रेलवे कर्मचारियों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
Source: Source