हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हिसार एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या बढ़ाने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए नए रूट तलाशने को कहा। मुख्यमंत्री ने कनेक्टिंग फ्लाइट्स को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने हिसार एयरपोर्ट के पास बन रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर यानी IMC के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री राज्य प्रगति पोर्टल के तहत 75 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में 11 प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान स्वर्ण जयंती इंटीग्रेटेड एविएशन हब, हिसार के दूसरे चरण की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, नए टर्मिनल, एटीसी भवन और जल निकासी व्यवस्था की स्थिति बताई। अधिकारियों के अनुसार 1,578 एकड़ जमीन पर IMC परियोजना का काम चल रहा है। परियोजना के लिए पूरी जमीन का अधिग्रहण हो चुका है और पर्यावरण मंजूरी भी मिल गई है। निर्माण कार्य के लिए निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं और बिड मूल्यांकन अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में देरी नहीं होने देने और गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और धीमी गति वाले कामों में जरूरी कदम उठाने को कहा।
Source: Source