हरियाणा के पलवल जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए तीन सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा 15 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेस-वे पर पारौली गांव के पास हुआ। फरीदाबाद निवासी शील कुमार शर्मा अपनी XUV से अलवर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार फुटपाथ से जा टकराई और शील कुमार शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वह गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में काम करते थे, जबकि डंपर चालक हादसे के बाद फरार हो गया। दूसरा हादसा 10 अक्टूबर की रात होडल नगर पालिका के पास हुआ, जहां अजय अपने चाचा नेत्रपाल के साथ पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने नेत्रपाल को टक्कर मार दी और चालक मौके से भाग गया। गंभीर रूप से घायल नेत्रपाल को पहले होडल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया। इलाज के दौरान सफदरजंग अस्पताल में उनकी मौत हो गई। तीसरा हादसा नेशनल हाईवे-19 पर होडल की नई अनाज मंडी के पास रॉयल ढाबे के बाहर हुआ। आगरा के महापुर निवासी मुन्नीलाल ढाबे पर कारों की पार्किंग करवाते थे। बुधवार रात एक कार को पार्क करवाते समय अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तीनों मामलों में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source: Source