राजनांदगांव में सिटी कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में 20 वर्षीय आरोपी घनश्याम जोशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बाइक 11 अक्टूबर की सुबह उद्यचल रोड स्थित समता मंच के पास से चोरी हो गई। चोरी हुई बाइक का नंबर CG 08 AC 3428 है, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज से मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर घनश्याम जोशी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर समता मंच के पास से चोरी हुई बाइक के अलावा एक दूसरी मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। दूसरी बाइक TVS Power Excel है, जिसका नंबर CG 08 AN 3283 है। यह बाइक 8 अक्टूबर को ईमाम चौक ओवरब्रिज के नीचे से चोरी हुई थी और इसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी, नकबजनी और आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। वर्ष 2024 में उसके खिलाफ चोरी के चार, नकबजनी-चोरी का एक और आबकारी एक्ट का एक मामला दर्ज किया गया था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 14 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Source: Source