हरियाणा के रेवाड़ी जिले के खोल गांव में पुरानी रंजिश के चलते मुकेश की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी हिमांशु उर्फ हिल्लू और उसके साथी राहुल को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को वारदात के कुछ घंटों के भीतर पकड़ा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपिका अग्रवाल ने बताया कि मुकेश के बेटे नितिन की शिकायत पर खोल थाना पुलिस ने हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई थीं। पुलिस पूछताछ के अनुसार, घटना वाले दिन दोपहर करीब 3 बजे मुकेश और वीर सिंह पशुओं वाले मकान में बैठे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे हिमांशु के साथ दोनों पक्षों में बहस और झगड़ा हुआ। इसके बाद हिमांशु वहां से चला गया। आरोप है कि शाम करीब 7 बजे वह अपने साथी राहुल के साथ गांव की चौपाल पहुंचा। दोनों के पास लाठियां थीं और उन्होंने मुकेश तथा वीर सिंह पर हमला कर दिया। इस हमले में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। 13 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे मुकेश के बेटे नितिन को उसकी बड़ी बहन साक्षी ने फोन कर घटना की जानकारी दी। नितिन खोल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा, जहां से डॉक्टरों ने मुकेश को रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। नितिन के अनुसार, मुकेश ने अस्पताल में बताया कि हिमांशु और राहुल ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर और वीर सिंह पर लाठियों से हमला किया था। कुछ ही देर बाद मुकेश की हालत बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया कर रही है। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल लाठियां बरामद करने और अन्य साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जाएगा।
Source: Source