पलवल, होडल और हथीन जिला बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह मतदान शुरू हो गया। चुनाव में कुल 1873 अधिवक्ता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। अध्यक्ष पद पर नेत्रपाल चौहान, दीपक चौहान और वेद प्रकाश गौड़ के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। मतदान सुबह 9 बजे शुरू हुआ और शाम 5 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू की जाएगी। चुनाव के नतीजे उसी दिन घोषित किए जाने हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पलवल की एसपी दीप्ति गर्ग ने अदालत परिसर का खुद निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों, प्रवेश और निकास मार्गों तथा मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों को परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान स्थल के आसपास आने वाले लोगों और वाहनों की कड़ी जांच करने को कहा गया है। बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को मतदान स्थल के पास जाने की अनुमति नहीं होगी। माहौल खराब करने या मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
Source: Source