बिलासपुर में प्रस्तावित कोनी-मोपका बाईपास के निर्माण की समय-सीमा अब तक तय नहीं हुई है। इस मामले में हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। चीफ जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा और जस्टिस संजय कुमार जायसवाल की डिवीजन बेंच ने NHAI से जवाब मांगा है। यह मामला छत्तीसगढ़ की खराब सड़कों को लेकर दायर जनहित याचिकाओं की सुनवाई के दौरान सामने आया। कोर्ट ने पहले भी NHAI और राज्य सरकार को सड़कों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए थे। बुधवार की सुनवाई में कोनी-मोपका बाईपास परियोजना की समय-सीमा तय नहीं होने की जानकारी सामने आई। कोर्ट ने NHAI के अधिवक्ता को आवश्यक निर्देश लेकर अगली सुनवाई में जवाब देने को कहा है। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे की खराब स्थिति पर भी हाईकोर्ट ने चिंता जताई। न्यायमित्र ने हाईवे की बदहाली से संबंधित हालिया खबर का हवाला दिया। कोर्ट ने NHAI को दो सप्ताह के भीतर इस मामले में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। राज्य के लोक निर्माण विभाग के सचिव ने भी शपथ पत्र के साथ प्रमुख सड़क परियोजनाओं की स्टेटस रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में पेंड्रीडीह चौक-नेहरू चौक, सीपत-बलौदा, श्रीकांत वर्मा चौक-सीएमडी चौक और भाटापारा-सिमरिया-चंदखुरी सड़कों की स्थिति बताई गई। मामले की अगली सुनवाई 5 अक्टूबर से शुरू होने वाले सप्ताह में होगी।
Source: Source