फतेहाबाद में रतिया के रामनगर क्षेत्र में वर्चस्व और पुरानी रंजिश को लेकर हुई गैंगवर में एक युवक को बुरी तरह डंडों से घसीट-घसीट कर पीटा गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायल की पहचान रामनगर निवासी रंजीत सिंह उर्फ टुन्ना के रूप में हुई है। हमले का आरोप शिकारी और तिलक गैंग के बदमाशों पर लगा है। 2-3 दिन पहले ही लौटा था घर बताया गया है कि रतिया में शिकारी गैंग और तिलक गैंग का अन्य गैंग से रंजिश है और रंजीत टुन्ना से इसी गैगबाजी के चलते मारपीट की गई। पिछले काफी समय से रतिया से बाहर रह रहा था और दो-तीन दिन पहले ही रामनगर वापस आया था। जानकारी मिली है कि बीती रात जब वह अपने किसी परिचित से मिलकर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे रास्ते में घेर लिया। आरोपी युवकों ने उसे बेरहमी से घसीट घसीट कर डंडों से पीटा। उस पर डंडों व सीमेंट ब्लॉक से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और रहम की भीख मांगता रहा। शिकारी गैंग जिंदाबाद बोलने के लिए कहा गया बाद में उसे शिकारी गैंग जिंदाबाद बोलने के लिए भी कहा गया। और यह बात बोलने के बाद उसे छोड़ा गया। वहीं, इंस्टाग्राम पर सारी ग्रुप रतिया 307 नाम की एक प्राइवेट आईडी से एक और वीडियो पोस्ट किया गया है जिसमें कहा गया है कि टुन्ना को पेल (पीट) दिया। पोपल तेरे को तो मारेंगे। जो भी सपोर्ट में आएगा या पता लेने जाएगा उसको भी बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। प्राथमिक उपचार के बाद रंजीत की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस की ढिलाई पर उठे सवाल स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में पुलिस गश्त और मुस्तैदी न के बराबर है। वारदात के वक्त डायल 112 को सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस की गाड़ियां मौके पर देर से पहुंचीं। पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना का संज्ञान ले लिया गया है। युवक अग्रोहा में उपचाराधीन है। रतिया पुलिस की एक टीम घायल के बयान दर्ज करने के लिए अग्रोहा पहुंच चुकी है। बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source