नूंह में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में मदद का झांसा देकर ठगी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी आसिफ को रोजकामेव थाना पुलिस ने करीब दो साल बाद पकड़ा। आरोप है कि उसने शादी में मोटरसाइकिल, फर्नीचर, घरेलू सामान और कन्यादान राशि दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले पीड़ित परिवारों से पैसे लिए गए। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वादे के मुताबिक पूरी सहायता नहीं दी गई। इस मामले में साल 2024 में रोजकामेव थाने में दो अलग-अलग केस दर्ज हुए थे। दोनों मामलों की जांच के दौरान आसिफ का नाम सामने आया। एक मामले में उदाका निवासी मुबारिक ने अपने भाई कय्यूम के साथ लाखों रुपये लिए जाने की शिकायत की थी। शिकायत के मुताबिक कुछ सामान दिया गया, लेकिन बाकी वादे पूरे नहीं किए गए। दूसरे मामले में भी शादी में सहायता दिलाने के नाम पर पैसे लेने के आरोप लगाए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी केस दर्ज होने के बाद से गिरफ्तारी से बच रहा था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ पूरी कर उसे अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
Source: Source