दंतेवाड़ा जिले के समलूर गांव में जादू-टोना करने के शक में 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सुखराम सोढ़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। पुलिस को घटनास्थल पर सुखराम के चेहरे, गाल, कान और माथे पर चोट के निशान मिले थे। शुरुआती जांच के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कठोर और कुंद वस्तु से लगी चोटों के कारण मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद गीदम थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। पूछताछ में गांव के कुछ लोगों द्वारा सुखराम पर जादू-टोना करने का शक किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार इसी शक को हत्या की वजह बताया गया है। मामले में धनीराम भोगामी उर्फ मोटू, बिनेश सोढ़ी उर्फ बीनू और मंगतू सोढ़ी को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का पट्टा और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Source: Source