मुंगेली जिले के बगबुडवा गांव में घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला पथरिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 3 सितंबर की रात घर में घुसकर अलमारी से सोने के लॉकेट, चांदी की सकरी और नकदी चोरी की गई थी। पीड़ित दिलहरण मरावी ने 10 सितंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ईश्वर मरावी चोरी का सोने का लॉकेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने तीन साथियों के साथ चोरी करने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने कैप खान, सुभान खान और अशरफ खान को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से तीन सोने के लॉकेट और 13 हजार रुपये, चार सोने के लॉकेट, एक चांदी की सकरी और 3,500 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने चोरी की संपत्ति की कुल कीमत 64,500 रुपये बताई है। चारों आरोपियों को 11 सितंबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
Source: Source