मनेन्द्रगढ़ में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच कोतवाली पुलिस ने तीन मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामान की शिकायतकर्ताओं से पहचान भी कराई गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चोरी की घटनाओं की जांच के लिए चार पुलिस टीमें बनाई गई थीं। जांच के दौरान संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने तीन चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। पहले मामले में रेलवे कॉलोनी के गैराज से कॉपर वायर चोरी हुआ था। इस मामले में राकेश यादव को गिरफ्तार किया गया। दूसरे मामले में पेंड्रा दफाई के गोदाम से करीब दो क्विंटल लोहे की छड़ और कटर मशीन चोरी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में अरमान अंसारी और सुमित सिंह को गिरफ्तार कर लोहे की छड़ बरामद की। तीसरे मामले में चनवारीडांड स्थित एचआर इंडस्ट्रीज परिसर से मोटर पंप चोरी हुआ था। पुलिस ने सुभाष कुमार और ऋषि कुमार को गिरफ्तार कर करीब 14 हजार रुपये कीमत का मोटर पंप बरामद किया। चोरी की घटनाओं के बाद रेलवे कॉलोनी की महिलाएं पिछले छह दिनों से रात में लाठी-डंडों के साथ पहरेदारी कर रही हैं। महिलाओं ने कहा कि चोरी के मास्टरमाइंड और नशे के कारोबार पर कार्रवाई होने तक उनका अभियान जारी रहेगा।
Source: Source