पलवल के हथीन थाना पुलिस ने चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बंद मकान का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया एक गैस सिलेंडर बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की बाइक भी पुलिस ने जब्त की है। आरोपी की पहचान मिंडकोला गांव निवासी देवेंद्र उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। घटना 16 अगस्त की है, जब हथीन के वार्ड नंबर 10 निवासी मगरुदीन ड्यूटी पर गए थे। उनके बच्चे भी उस समय रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर दो भरे गैस सिलेंडर चोरी कर लिए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच अधिकारी हवलदार संदीप कुमार ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान एक चोरी का सिलेंडर और बाइक बरामद हुई। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Source: Source