पलवल में अपहरण और फिरौती के मामले में पुलिस ने एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने की है। आरोपी पर एक युवक का अपहरण कर उसे बंधक बनाने का आरोप है। आरोपियों ने युवक को छोड़ने के बदले उसके परिजनों से डेढ़ लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। मामले में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। 23 अप्रैल 2026 को बहीन थाने में रुपनगर नाटौली निवासी फारूख ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार आठ नामजद लोगों ने उसके बेटे मोईन का बोलेरो गाड़ी से अपहरण किया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को आकिल के बारे में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने उसे अंधरौला गांव के पास हथीन-मानपुर रोड से गिरफ्तार किया। आरोपी आकिल को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source