हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के बेवल गांव में दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के समय बच्चे के माता-पिता मजदूरी करने गए हुए थे। घर में दोनों भाई अकेले मौजूद थे। मृतक की पहचान शुभम के रूप में हुई है। उसका छोटा भाई गौतम पानी लेने के लिए घर से बाहर गया था। लौटने पर उसे घर का दरवाजा बंद मिला। गौतम छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचा तो शुभम को खूंटी से लटका देखा। उसके गले में चुन्नी का फंदा लगा हुआ था। गौतम ने किसी तरह भाई को फंदे से उतारकर खाट पर लिटाया। सूचना मिलने पर परिजन तुरंत घर पहुंचे, लेकिन तब तक शुभम की मौत हो चुकी थी। परिजनों के मुताबिक शुभम खेलते समय खूंटी पर टंगी चुन्नी गले में डालकर खेल रहा था। इसी दौरान चुन्नी का फंदा कस गया और दम घुटने से उसकी जान चली गई। परिजनों ने घटना में किसी पर संदेह नहीं जताया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source: Source