हांसी में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 2.59 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले में महाराष्ट्र के नागपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सौरभ सुभाष कर्णेवार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। शिकायतकर्ता विशाल से अगस्त 2025 में टेलीग्राम के जरिए आरोपी ने संपर्क किया था। आरोपी ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर घर बैठे मुनाफा कमाने का झांसा दिया था। उसके कहने पर विशाल ने ट्रेडिंग अकाउंट बनाया और उसमें रकम जमा करना शुरू किया। इसके बाद उसने अलग-अलग तरीकों से आरोपी की बताई UPI आईडी पर कुल 2.59 लाख रुपये भेजे। रकम मिलने के बाद आरोपी ने न तो मुनाफा दिया और न ही मूल राशि वापस की। बार-बार संपर्क करने पर भी आरोपी ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। विशाल की शिकायत पर 30 अक्टूबर 2025 को साइबर थाना हांसी में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।
Source: Source