हरियाणा सरकार ने बुजुर्गों और मरीजों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने का फैसला किया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने घोषणा की है कि राज्य में जल्द ही दो नई स्वास्थ्य योजनाएं शुरू की जाएंगी। इनमें बुजुर्गों के लिए ‘वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य’ पोर्टल और अस्पतालों में मरीजों के लिए ‘संजीवनी योग’ कार्यक्रम शामिल हैं। हर गुरुवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन कैंपों में बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच, योग परामर्श और जरूरी स्वास्थ्य सलाह दी जाएगी। ‘वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य’ पोर्टल पर बुजुर्गों के स्वास्थ्य डेटा की डिजिटल मॉनिटरिंग होगी। ‘संजीवनी योग’ कार्यक्रम के तहत जिला अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी में ओपीडी और वेटिंग एरिया में मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए योग और प्राणायाम सत्र आयोजित किए जाएंगे। सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य निगरानी, समय पर इलाज और अस्पतालों में समग्र स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
Source: Source