सोनीपत के अकबरपुर बारोटा में 10 माह के बच्चे की पानी से भरे टब में डूबने से मौत हो गई। परिवार किराए के मकान में रहता है। बच्चे की मां ने उसे दूध पिलाकर सुलाया था। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी कमरे में आराम करने लगे। इसी दौरान बच्चा नींद से उठकर गुड़लिया चलते हुए पानी से भरे टब के पास पहुंच गया। टब पकड़कर खड़े होने की कोशिश में उसका सिर पानी में डूब गया। बच्चा खुद को बाहर नहीं निकाल सका। करीब एक घंटे बाद परिजनों की नजर उस पर पड़ी। तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों ने पानी से भरा टब कमरे में रखने को लेकर अफसोस जताया है।
Source: Source