सोनीपत के गोहाना क्षेत्र के कथूरा गांव में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ। घर लौट रहे 50 वर्षीय किसान सतबीर के ऊपर अचानक बिजली का जर्जर तार टूटकर गिर गया। तार के संपर्क में आते ही सतबीर करंट की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सतबीर गांव के अड्डे से सामान लेकर घर लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के बेटे साहिल ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिजली की लाइन के तार लंबे समय से जर्जर हालत में थे। समय पर मरम्मत और रखरखाव नहीं होने के कारण हादसा हुआ। साहिल की शिकायत के आधार पर थाना बरोदा पुलिस ने धारा 106 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक देवेंद्र के नेतृत्व में मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और बिजली लाइन की स्थिति की भी जांच करेगी।
Source: Source