लुधियाना के जगराओं इलाके में गुरुवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान में लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना कच्चा मलक रोड स्थित दुकान पर रात करीब 8 बजे हुई। उस समय सुनार दुकान में बैठे ग्राहक को गहने दिखा रहा था। तभी तीन नकाबपोश बदमाश अचानक दुकान के अंदर घुस आए। बदमाशों के हाथों में पिस्तौल और तलवारें थीं। दुकान में घुसते ही उन्होंने ग्राहक पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में ग्राहक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। एक बदमाश काउंटर के अंदर घुस गया और वहां रखी नकदी निकालने लगा। बदमाश दो बॉक्स गहनों के भी साथ ले गए। पूरी वारदात करीब डेढ़ मिनट के भीतर अंजाम दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। ज्वेलर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
Source: Source