ईरानी मीडिया ने ईरान और अमेरिका के बीच हुई झड़प को लेकर बड़ा दावा किया है। ईरान की न्यूज एजेंसी तस्नीम ने एक भरोसेमंद सैन्य सूत्र के हवाले से यह जानकारी दी। मीडिया के अनुसार, पहली गोलाबारी ईरान की तरफ से की गई। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) की नौसेना ने एक अमेरिकी टैंकर पर गोलीबारी की। यह टैंकर अपना रडार सिस्टम बंद करके होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहा था। इसी प्रयास के चलते IRGC ने कार्रवाई की। तस्नीम के मुताबिक, इस हमले के जवाब में अमेरिका ने भी गोलीबारी की। अमेरिकी हमला बंदर अब्बास के आस-पास के एक इलाके पर किया गया। अभी तक अमेरिका की ओर से इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि या खंडन नहीं हुआ है। इस घटना से खाड़ी क्षेत्र में तनाव फिर से बढ़ गया है। दोनों देशों के बीच पहले भी इसी तरह की झड़पें हो चुकी हैं। हालात पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की निगाहें टिकी हुई हैं।
Source: Source