लुधियाना के सिविल सिटी हैबोवाल इलाके में कुत्ता घुमाने को लेकर हुए विवाद में नया CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में एक्टिवा सवार चार लोगों के मौके पर पहुंचने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में एक युवक पजामे से तलवार निकालकर कारोबारी और उसके बेटे पर हमला करता दिखाई देता है। हमले से बचने के लिए कारोबारी के बेटे ने कथित तौर पर हवाई फायर किया। आरोप है कि फायरिंग के बावजूद हमलावर हमला करते रहे। इसी दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति के पैर में चोट आई। वारदात के बाद आरोपी एक्टिवा पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। कारोबारी की पत्नी हरविंदर कौर ने बताया कि विवाद कुत्ता घुमाने के दौरान कहासुनी से शुरू हुआ था। उनके मुताबिक बाद में कई लोग हथियारों के साथ गली में पहुंचे और पिता-पुत्र पर हमला किया। घायल कारोबारी सरबजीत सिंह और उनके बेटे को इलाज के लिए DMC अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर, दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान छह राउंड फायरिंग की गई थी। दोनों पक्षों के आरोपों के बीच पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार ने इंसाफ की मांग की है।
Source: Source