छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खनिज विभाग ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान चलाकर 8 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में नारी और धमतरी क्षेत्र से रेत लेकर आ रहे 6 हाइवा तथा तुमगांव क्षेत्र से बोल्डर परिवहन कर रहे 2 हाइवा की जांच की गई। उप संचालक राजेश मालवे और सहायक खनि अधिकारी उमेश भार्गव के नेतृत्व वाली टीम ने चालकों से वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। दस्तावेजों के अभाव में सभी वाहनों को अवैध परिवहन मानते हुए तत्काल जब्त कर लिया गया। जब्त वाहनों को उपरवारा और माना थाना को सौंप दिया गया है। खनिज विभाग ने साफ किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सभी जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Source: Source