मोहाली में जीरकपुर-पटियाला हाईवे पर मंगलवार को छत गांव के पास एक चलते कंटेनर में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान ड्राइवर ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर से चलते-चलते धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद ड्राइवर ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका। कुछ ही मिनटों में आग ने केबिन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना के कारण हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस और एसएसएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया। धीरे-धीरे वाहनों को निकालकर जाम को खुलवाया गया। अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच जारी है और शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। समय रहते कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
Source: Source