मानसा में किसानों ने अपनी 13 मांगों को लेकर डीसी और एसएसपी कार्यालय का घेराव किया। किसान पिछले सात दिनों से जिला कचहरी में अनिश्चितकालीन धरना दे रहे थे। भारतीय किसान यूनियन उगराहां के नेतृत्व में किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसान नेताओं का आरोप है कि सात दिनों के प्रदर्शन के बावजूद किसी अधिकारी ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद किसानों ने मार्च निकालकर डीसी-एसएसपी कार्यालय का घेराव किया। किसानों की प्रमुख मांगों में बाढ़ से हुए नुकसान का मुआवजा देना शामिल है। किसान और मजदूर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं। किसान पंजाब सरकार की प्रस्तावित लैंड पूलिंग पॉलिसी का भी विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने भारत-अमेरिका समझौते को रद्द करने की मांग उठाई है। किसान हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाने और लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने पेयजल व्यवस्था निजी कंपनियों को ठेके पर देने का भी विरोध किया। गोबिंदपुरा में अधिग्रहित जमीन पर किसानों को दोबारा कब्जा दिलाने की मांग भी प्रदर्शन में उठाई गई। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Source: Source