भिवानी के तोशाम में जमीन के एग्रीमेंट को लेकर ग्रामीणों और ‘महादेव इंकलेव’ पहाड़ कंपनी के बीच चल रहा विवाद अब समाप्त हो गया है। रविवार को एसडीएम संदीप कुमार ने अवकाश के बावजूद अपने कार्यालय में दोनों पक्षों की बैठक बुलाई। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं कंपनी के सामने रखीं, जिस पर एसडीएम ने बेहतर तालमेल और किसानों का बकाया भुगतान तुरंत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और सहमति न बनने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान कंपनी के प्रतिनिधियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए 18 जून तक का समय मांगा, ताकि वे अपने उच्च अधिकारियों से परामर्श कर समझौतों को अंतिम रूप दे सकें। कंपनी ने इस संबंध में एसडीएम कार्यालय को लिखित आश्वासन देने की बात भी कही है। इस सुलह से ग्रामीणों को राहत मिली है, जो पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। इस बैठक में हरपाल, ललित पंघाल और अन्य ग्रामीणों के साथ कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि अब पहाड़ पर काम सुचारू रूप से चल सकेगा और ग्रामीणों के हितों की भी रक्षा होगी।
Source: Source