भिलाई शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 35 से ज्यादा युवाओं ने दावेदारी पेश की है। रायपुर स्थित राजीव भवन में 24 और 25 मई को इन दावेदारों का इंटरव्यू लिया गया। अब अगले 3 से 4 दिनों में नाम फाइनल होने की चर्चा है। इसके बाद सदस्यता और वोटिंग के आधार पर चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। युवा कांग्रेस के इस चुनाव को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव के खेमों को लेकर हो रही है। संगठन के अंदर माना जा रहा है कि इस बार भिलाई शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद पर भूपेश बघेल समर्थक युवा नेता को मौका मिल सकता है। इंटरव्यू में शामिल नेताओं ने बताया कि उनसे उनके राजनीतिक अनुभव और संगठन में कामकाज को लेकर कई सवाल पूछे गए। उम्मीदवारों ने दिल्ली में किए गए प्रदर्शन और धरनों की तस्वीरें भी दिखाई। 10 जून से शुरू होगी चुनाव की प्रक्रिया और 10 जुलाई तक सदस्यता और वोटिंग की प्रक्रिया चलेगी।
Source: Source