पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सरकारी गौशालाओं की स्थिति सुधारने के लिए संबंधित अधिकारियों को फंड जारी करने के निर्देश दिए हैं। जालंधर में मुख्यमंत्री ने गौशाला प्रबंधकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने की। बैठक में फाजिल्का की सरकारी गौशाला के कायाकल्प और राज्यभर की गौशालाओं की व्यवस्था मजबूत करने पर चर्चा हुई। फाजिल्का के विधायक नरिंदरपाल सिंह सवना, मनजोत खेड़ा और समाजसेवी विक्की बत्रा भी बैठक में शामिल हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने फाजिल्का की सरकारी गौशाला के रख-रखाव और सुधार का मुद्दा उठाया। गौशाला की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत आवश्यक धनराशि जारी करने के निर्देश दिए। इस फैसले से गौशाला में गोवंश की देखभाल और रख-रखाव संबंधी समस्याओं को दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है। विधायक नरिंदरपाल सिंह सवना ने फाजिल्का के लोगों को इस फैसले के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार जल्द ही गौशाला के लिए जरूरी फंड उपलब्ध कराएगी। धनराशि मिलने के बाद गौशाला की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और पशुओं की देखभाल में आ रही परेशानियों का स्थायी समाधान करने की योजना है।
Source: Source