बैकुंठपुर और चरचा क्षेत्र में सक्रिय एक शातिर कॉपर वायर चोरी गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। यह गिरोह आम घरों को नहीं बल्कि सरकारी दफ्तरों, कोर्ट परिसर और बैंकों को निशाना बनाता था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी, एक किशोर और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी किए गए 18 एसी के कॉपर पाइप भी बरामद किए गए हैं। एएसपी सुरेशा चौबे के अनुसार, 28 मई से 5 जून के बीच जिला एवं सत्र न्यायालय बैकुंठपुर, साकेत सदन चरचा, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक और यूनियन बैंक की शाखा से एसी के कॉपर पाइप चोरी किए गए थे। जांच के दौरान पुलिस गश्त पार्टी ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया, जिसके बाद पूछताछ में गिरोह का खुलासा हुआ। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर कई स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
Source: Source