छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो दर्दनाक हादसों में दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। पहला मामला रतनपुर क्षेत्र के रत्नेश्वर तालाब का है, जहां एक व्यक्ति कमल ककड़ी (ढेस) निकालने के दौरान पानी में फंस गया और गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद उसका शव बाहर निकाला। मृतक की पहचान करैहापारा निवासी कैलाश केंवट (43) के रूप में हुई है, जो कमल ककड़ी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। दूसरा हादसा कोटा क्षेत्र के कोरी डैम में हुआ, जहां राजकिशोर नगर निवासी शोएब शेख अपने दो दोस्तों के साथ नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोस्तों और स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वह लापता हो गया। बाद में गोताखोरों की मदद से उसका शव बरामद किया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Source: Source