छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी) द्वारा आयोजित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 6 से 9 जून तक जिले के निर्धारित परीक्षा केंद्रों में संपन्न होगी। परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रेडक्रॉस सभाकक्ष में समीक्षा बैठक की और सभी केंद्राध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराने पर जोर दिया। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की कमी को समय रहते दूर किया जाए। गर्मी को ध्यान में रखते हुए केंद्रों पर ठंडा पेयजल, ओआरएस, कूलर और पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बिजली, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने को कहा गया है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
Source: Source