पंजाब में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी ने शनिवार को सभी विधानसभा क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। इसमें कांग्रेस के सभी सहयोगी संगठन जैसे एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस और सेवा दल शामिल होंगे। कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर सरकारों के खिलाफ नारेबाजी और पुतला दहन करेंगे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि हाल के दिनों में ईंधन की कीमतों में बार-बार बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम जनता पर बोझ बढ़ा है। पार्टी का कहना है कि पिछले 10 दिनों में कई बार दाम बढ़ाए गए हैं और कुल मिलाकर पेट्रोल-डीजल काफी महंगा हो गया है। मोहाली, लुधियाना और जालंधर जैसे शहरों में कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। महिला कांग्रेस कार्यकर्ता चूल्हा फूंककर और खाली गैस सिलेंडर के साथ प्रदर्शन करेंगी। युवा और छात्र संगठन वाहन खींचकर विरोध दर्ज कराएंगे। कांग्रेस का आरोप है कि महंगाई से आम लोगों का बजट बिगड़ गया है। पार्टी ने पंजाब सरकार से डीजल पर वैट में ₹5 प्रति लीटर की कटौती की मांग की है। किसानों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर बढ़ती लागत को लेकर भी चिंता जताई गई है।
Source: Source