पठानकोट काउंटर इंटेलिजेंस ने टार्गेट किलिंग की कथित साजिश के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हाल ही में दुबई से पंजाब लौटे थे। प्रारंभिक जांच में उनके विदेश में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर काम करने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो .30 बोर पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए। एक बिना नंबर प्लेट वाली नई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद होने की जानकारी दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविंदर सिंह उर्फ ढिल्लों और जशनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध हथियारों के साथ गुरदासपुर से बटाला की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर काउंटर इंटेलिजेंस की टीमों ने इलाके में नाकाबंदी की। दोनों संदिग्धों को गुरदासपुर के बाहरी इलाके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस बरामद होने का दावा किया गया है। मामले में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाने में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब कथित नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों की जांच कर रही है। जांच में विदेश में बैठे कथित हैंडलर्स से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।
Source: Source