मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर अनिल पंडित का संबंध हरियाणा के पानीपत जिले से बताया जा रहा है। वह रेरकलां गांव का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, वह 2022 में नौकरी के लिए दुबई गया था। इसके बाद 2024 में कथित तौर पर डंकी रूट के जरिए अमेरिका पहुंच गया। भारत छोड़ने से पहले उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं होने की बात कही गई है। हालांकि, पानीपत में अब उसके खिलाफ 10 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। अमेरिका पहुंचने के बाद वह कथित तौर पर लॉरेंस गैंग से जुड़ा और हैरी बॉक्सर के संपर्क में आया। सूत्रों के मुताबिक, अनिल पंडित लॉरेंस के नाम पर धमकियां देता है, लेकिन उसे सीधे लॉरेंस से निर्देश नहीं मिलते। बताया जा रहा है कि उसका मुख्य संचालक भारत का इनामी बदमाश हरी चंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर है, जो अमेरिका में मौजूद है। अनिल पंडित और उसका साथी रणदीप मलिक सोशल मीडिया तथा एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए कथित तौर पर रंगदारी का नेटवर्क चला रहे हैं। इस नेटवर्क का प्रभाव विशेष रूप से पानीपत में देखा गया है। अनिल पंडित ने हाल ही में हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की गाड़ी पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का भी दावा किया था। टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने राजस्थान के कोटा से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो हरियाणा और एक महाराष्ट्र का निवासी बताया गया है। हरियाणा पुलिस की विशेष टीमें इस नेटवर्क को खत्म करने, अनिल पंडित के प्रत्यर्पण और उसके खिलाफ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया में जुटी हैं।
Source: Source