हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-56 में एक व्यक्ति की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पी. कर्मकार के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर का निवासी था। बताया गया है कि उसने कथित तौर पर ब्लेड से अपना गला काट लिया। घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-56 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पी. कर्मकार पिछले कुछ समय से सेक्टर-64 इलाके में अपनी बहन के घर रह रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया कि वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था। परिजनों के अनुसार, उसका डॉक्टरों से नियमित इलाज भी चल रहा था। परिवार के सदस्य उसकी देखभाल कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक, उसने करीब एक साल पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था। थाना प्रभारी सुखपाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Source: Source