पंजाब के पठानकोट में एनएच-44 पर एक मैकेनिक की वर्कशॉप के बाहर खड़े दो ट्रकों में भीषण आग लग गई। बताया गया कि एक ट्रक के प्रेशर टैंक में धमाका होने के बाद आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते दोनों ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि एक अन्य ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर पहुंची पहली दमकल गाड़ी तकनीकी खराबी के कारण आग बुझाने में विफल रही। पानी होने के बावजूद प्रेशर नहीं बनने से फायर सिस्टम काम नहीं कर सका। इसके बाद दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। दूसरी दमकल गाड़ी करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जांच और सुधार की मांग की है।
Source: Source